Himachal: कैदी को गाड़ी में लेकर लौट रहे थे पुलिस वाले...रास्ते में हो गया भयानक हादसा, सड़क किनारे बैठी महिला की गई जान

punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 09:06 PM (IST)

नाहन (आशु): सोलन में पेशी के बाद एक कैदी और 2 पुलिस जवानों को लेकर नाहन लौट रही एक निजी गाड़ी ने शुक्रवार शाम को नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग-907ए पर निहोग के समीप सड़क किनारे बैठी एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके बाद वाहन सड़क किनारे बने पैरापिट से जा टकराया। घायल महिला को तुरंत डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोलन में कैदी की पेशी के बाद दोनों पुलिस जवान एक कैदी को लेकर निजी गाड़ी से नाहन लौट रहे थे। इसी दौरान निहोग के समीप यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 45 वर्षीय बाला देवी पत्नी यशपाल निवासी गांव निहोग व तहसील नाहन के रूप में हुई है। हादसे के बाद वाहन में सवार कैदी को सुरक्षित सैंट्रल जेल नाहन पहुंचा दिया गया, जबकि दोनों पुलिस जवानों का मेडिकल करवाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन और स्थानीय लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए, जहां कुछ समय के लिए आक्रोश का माहौल रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News