Sirmaur News: कालाअम्ब में अग्निशमन सुविधाएं मजबूत करने व जर्जर सड़कों की मुरम्मत की उठाई मांग

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 04:53 PM (IST)

नाहन (आशु): लघु उद्योग भारती कालाअम्ब इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने वीरवार को अध्यक्ष अखिल महेश्वरी के नेतृत्व में डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा से मुलाकात कर कालाअम्ब औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर 2 ज्ञापन सौंपे। इनमें औद्योगिक क्षेत्र में आधुनिक अग्निशमन सुविधाएं उपलब्ध कराने और जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत की मांग प्रमुख रही।

अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने बताया कि ज्ञापन में हाल ही में कालाअम्ब में हुए भीषण अग्निकांड का उल्लेख करते हुए कहा गया कि इस घटना में एक उद्योग पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे आधुनिक अग्निशमन संसाधनों की आवश्यकता स्पष्ट हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान संसाधनों से बड़ी औद्योगिक आग पर तुरंत नियंत्रण पाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। जिला प्रशासन से मांग की गई कि कालाअम्ब जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र में हाईड्रोलिक लैडर, हाई-कैपेसिटी फायर टैंडर, हाई-वॉल्यूम पंप सहित आधुनिक अग्निशमन उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं, साथ ही जिला सिरमौर, चंडीगढ़, अंबाला और यमुनानगर के अग्निशमन विभागों के बीच म्यूचुअल एड मैकेनिज्म विकसित कर संयुक्त बैठक आयोजित करने की भी मांग उठाई गई, ताकि आपात स्थिति में आधुनिक उपकरण और विशेषज्ञ टीमें तुरंत उपलब्ध हो सकें।

PunjabKesari

लघु उद्योग भारती ने दूसरे ज्ञापन में बारिश के कारण कालाअम्ब औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई। अध्यक्ष ने बताया कि टोका साहिब गुरुद्वारा मार्ग पर बड़े गड्ढे और सड़क के साथ बहने वाले नाले के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ईएसआईसी अस्पताल झिरीवाला, आसपास के गांवों और श्री खाटूश्याम इंडस्ट्रीज, सिरमौर पैकर्स सहित कई औद्योगिक इकाइयों को जोड़ने वाली सड़क पर जलभराव से कर्मचारियों, मरीजों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी हो रही है। वहीं सिग्नोरावेयर, एलनोवा फार्मा, वेस्टिन पैकर्स और केके.बयानी एंड सन्स को जाने वाले मार्ग पर खुली नालियों की सुरक्षा दीवार कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे विशेषकर रात और बारिश के दौरान दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।

लघु उद्योग भारती ने डीसी से इन सड़कों का शीघ्र निरीक्षण करवाकर मुरम्मत, पुनर्निर्माण, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और क्षतिग्रस्त नालों व सुरक्षा दीवारों की तत्काल मुरम्मत के निर्देश जारी करने का आग्रह किया। संगठन ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन इन जनहित एवं औद्योगिक हित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा। डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को संबंधित मुद्दों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन किया। इस मौके पर लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी एवं उद्योगपति मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News