हिमाचल में कोरोना का कहर जारी, अब कांगड़ा में 4 नए मामले आए सामने

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2020 - 04:15 PM (IST)

कांगड़ा (ब्यूराे): हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस का हमला लगातार जारी है। बुधवार को शिमला, किन्नौर और बिलासपुर जिला के बाद अब कांगड़ा जिला में भी कोरोना के 4 नए मामले आए हैं। इसमें फतेहपुर तहसील की गोलवां पंचायत के कंटैनमेंट ऑर्डर को तोड़ने वाले युवक सहित 3 अन्य लोग शामिल हैं। पॉजीटिव पाए गए लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री मध्य प्रदेश, दिल्ली तथा पठानकोट की है। इसमें एक व्यक्ति हवाई मार्ग से भी कांगड़ा पहुंचा है। इन मरीजों के सामने आने के बाद कांगड़ा में कोविड-19 के कुल मामले 94 हो गए हैं जबकि एक्टिव केस 60 हो गए हैं।

डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि फतेहपुर तहसील के गोलवां पंचायत से संबंध रखने वाला 22 वर्षीय युवक कोरोना पॉजटिव पाया गया है। इस युवक ने कंटेनमैंट ऑर्डर को तोड़कर दिल्ली तथा चंडीगढ़ लोगों को छोड़ा था। इसने 25 मई को मोहाली में अंतिम सवारी छोड़ी थी तथा इसकी सूचना मिलने पर युवक पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद उसे इंस्टीच्यूशनल क्वारंटाइन किया गया था। इसके अलावा फतेहपुर की ही बाधल पंचायत का 30 वर्षीय व्यक्ति भी पॉजीटिव आया है। यह व्यक्ति 27 मई को मध्य प्रदेश से आया था, जिसके बाद इसको संस्थागत क्वारंटाइन किया गया था। व्यक्ति में हल्के लक्षण आने पर उसके  सैंपल लिए गए थे।

इसके अलावा गंगथ क्षेत्र से सबंधित 31 वर्षीय युवक जोकि पठानकोट से 28 मई को आया था, वह भी पॉजीटिव आया है। वहीं 22 वर्षीय युवक जोकि 29 मई को एयर इंडिया की फ्लाइट से कांगड़ा आया था, वह भी पॉजटिव पाया गया है। उसको फतेहपुर में इंस्टीच्यूशनल क्वारंटाइन किया गया था।डीसी ने बताया कि एयर इंडिया की फ्लाइट तथा कंटैनमेंट ऑर्डर को तोडऩे वाले युवक के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। संपर्क में आए लोगों के भी सैंपल लिए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News