चिट्टे की मुख्य सप्लायर बेबी सहित 4 गिरफ्तार, नशे की खेप भी बरामद

punjabkesari.in Sunday, Jul 30, 2023 - 10:17 PM (IST)

नाहन (आशु): जिला पुलिस ने चिट्टे के कारोबार में संलिप्त एक महिला बबली उर्फ बेबी को 31 ग्राम चिट्टे सहित धर-दबोचने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने रविवार सुबह यह कार्रवाई विकास खंड नाहन के सलानी गांव में अमल में लाई। वहीं आरोपी महिला के साथ पुलिस ने सुरेश नाम के व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सलाणी में आरोपी महिला सुरेश के साथ रह रही थी। दबिश के दौरान पुलिस को मौके पर 2 नशेड़ी भी मिले। इनमें से एक 18 वर्षीय युवक मोगीनंद का रहने वाला है, जबकि दूसरा पच्छाद क्षेत्र से संबंध रखता है। पुलिस ने दोनों नशेड़ियों को भी गिरफ्तार किया है। 

नशेड़ियों का महिला के घर पर आना-जाना थी आम बात 
जानकारी के अनुसार डीएसपी हैडक्वार्टर मीनाक्षी शाह की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें कालाअम्ब व नाहन दोनों पुलिस थानों के जवान शामिल थे। पुलिस की मानें तो आरोपी महिला बबली ही जिला मुख्यालय नाहन में चिट्टा सप्लाई की कमान संभाले हुए थी। आरोपी महिला को लेकर पुलिस के पास काफी जानकारियां थीं, लेकिन उसे सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए मौके की तलाश थी। पुलिस का यह भी तर्क है कि आसपास के लोगों को बबली के कारोबार के बारे में भनक थी लेकिन डर की वजह से सामने आने से कतराते थे। लिहाजा पुलिस ने आरोपियों को दबोचने के लिए जाल बिछाया। इसके बाद ही सलानी गांव में मौके पर दबिश दी गई। डीएसपी मीनाक्षी शाह भी दबिश के दौरान मौके पर पहुंचीं। डीएसपी के दिशा-निर्देशों पर ही पुलिस टीम इस कार्रवाई को अंजाम देने में जुटी थी। बताया जा रहा है कि चिट्टा नशेड़ियों का महिला के घर पर आना-जाना आम बात थी।

बैकवर्ड लिंक खंगाल सकती है पुलिस  
माना जा रहा है कि इस मामले में पुलिस बैकवर्ड लिंक खंगाल सकती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी महिला तक चिट्टे की खेप कहां से पहुंच रही थी। इसके अलावा चल व अचल संपत्तियों को भी खंगाला जा सकता है।

मामले में जांच जारी : डीएसपी
डीएसपी हैडक्वार्टर मीनाक्षी शाह ने पूछे जाने पर मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर महिला सहित 4 को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी महिला के कब्जे से 31 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया गया है। उन्होंने माना कि आरोपी महिला बबली ही नाहन में चिट्टा सप्लाई कर रही थी। पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News