नकली करंसी मामले में 3 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

punjabkesari.in Monday, Feb 22, 2021 - 12:00 AM (IST)

नाहन (ब्यूरो): शहर में हाल ही में सामने आए 2000 रुपए के नकली नोट मामले में पुलिस ने कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के साथ एक अन्य आरोपी भी शामिल था लेकिन वह नाबालिग बताया जा रहा है। आरोपी की आयु 18 वर्ष पूरी होने में करीब 2 महीने की कमी बताई जा रही है, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

कॉस्मैटिक्स की दुकान में थमाया था 2000 रुपए का नोट

गौरतलब है कि शहर में मुख्य बाजार में एक कॉस्मैटिक्स की दुकान में आरोपियों ने कुछ सामान खरीदा था, जिसके बाद उन्होंने दुकानदार को 2000 रुपए का नोट थमाया था। जब दुकानदार को नोट नकली लगा तो उसने दूसरा नोट देने को कहा, जिसके बाद आरोपियों द्वारा दिए गए अन्य नोट भी नकली निकले। शक होने पर दुकानदार ने तुरंत पुलिस को सूचित किया था। पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर गिरफ्तार किया था। जिसके बाद अब उत्तराखंड के सहसपुर से 2 आरोपियों अनुराग व सोहेल को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एक आरोपी अभी नाबालिग है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की आयु भी 25 साल से कम है।

जितना खर्च उतनी ही छापते थे करंसी

उधर, पुलिस जांच में अभी तक सामने आया है कि आरोपी जितना खर्च होता था, उसी हिसाब से करंसी छापते थे। फिलहाल आरोपियों द्वारा बड़े पैमाने पर करंसी छापे जाने को लेकर कोई जानकारी हाथ नहीं लगी है। आरोपियों के कब्जे से एक प्रिंटर, स्कैनर, लैपटॉप व प्रैस आदि बरामद हुए हैं। एएसपी सिरमौर बबीता राणा ने बताया कि नकली करंसी के मामले में अभी तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News