आनी की लझेरी पंचायत में भूस्खलन, बगतोरी गांव के 27 घरों को खतरा

punjabkesari.in Sunday, Aug 21, 2022 - 07:42 PM (IST)

आनी (शिव): आनी खंड की ग्राम पंचायत लझेरी में पिछले 2 दिनों में हो रही भारी बारिश से गांव को खतरा पैदा हो गया है। रविवार को भी तेज बरसात होने से बगतोरी गांव के घरों के डंगे गिर गए। ग्राम पंचायत लझेरी के प्रधान जीतराम ने कहा कि जलोड़ी क्षेत्र में सबसे अधिक बरसात हुई है, जिससे काफी नुक्सान हुआ है। लझेरी पंचायत के दुर्गम बगतोरी गांव में 27 घरों को खतरा बन गया है। बगतोरी के अमर सिंह, प्रताप सिंह के घरों सहित सेब के बगीचों को भूस्खलन के कारण नुक्सान हुआ है। वहीं झेल गांव के हरिकृष्ण, हेमराज, रामकृष्ण, प्रदीप, पप्पू, कर्मचन्द, सेसराम, सुमनू व हरि सिंह के सेब के बगीचे बह गए हैं। 

पंचायत लझेरी की वार्ड मैंबर प्रतिभा देवी ने कहा कि बगतोरी गांव में घरों के आगे तिरपाल लगाई गई है, कुछ घरों में दरारें आ गई हैं। भूस्खलन से घरों को नुक्सान हुआ है, लोग घरों में रहने से डरने लगे हैं। एहतियात के तौर पर कुछ घरों के परिवार दूसरे के घरों में भेजे गए हैं। लझेरी पंचायत के बगतोरी, झेड, जटेड, शाई, रोपा, डगसारी गांव के दर्जनों घरों को गिरने का खतरा बना हुआ है। खेत व सेब के बगीचे सेब की फसल सहित भूस्खलन की चपेट में आ गए हैं। 

ग्राम पंचायत लझेरी के प्रधान ने कहा कि 6 गांव के लोगों की उपजाऊ भूमि खेत खलियान भूस्खलन में समा गए हैं। लझेरी पंचायत की जनता ने सरकार से इन गांव को भूस्खलन से सुरक्षित रखने के उपाय करने की मांग की है और जिन परिवारों के घर, खेत, बगीचे क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनको जल्द सहायता दी जाए। भूस्खलन से 27 परिवार प्रभावित हुए हैं। ग्राम पंचायत लझेरी के वार्ड जटेड, रोपा वार्ड, कोट वार्ड में अधिक नुक्सान हुआ है। 

इस बारे में एसडीएम नरेश वर्मा ने कहा कि जलोड़ी क्षेत्र में हर दिन भारी बरसात हो रही है, जिसमें लझेरी पंचायत के गांव में भूस्खलन हो रहा है। प्रशासन ने नायब तहसीलदार, पटवारी को मौके पर जाकर नुक्सान और भूस्खलन बारे रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दे दिए हैं। बगतोरी गांव में जिन घरों को खतरा है, उन परिवारों को दूसरी जगह रहने को कहा गया है। एसडीएम ने क्षेत्र की जनता को नदी-नालों के समीप और भूस्खलन होने वाले स्थानों से दूर रहने का आदेश दिया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News