एयरलिफ्ट होंगे लाहौल स्पीति में फंसे 221 पर्यटक, मौसम के साफ होने का इंतजार
punjabkesari.in Friday, Jul 30, 2021 - 12:25 PM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल स्पीति में फंसे 221 पर्यटकों को अब एयरलिफ्ट किया जाएगा। हालांकि इसके लिए मौसम के साफ होने का इंतजार किया जा रहा है। घाटी में मौसम खराब होने के कारण पर्यटकों को एयरलिफ्ट नहीं किया जा सकता है। आपदा प्रबंधन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, घाटी में अभी 221 टूरिस्ट फंसे हुए हैं। इनमें 191 हिमाचली और 30 टूरिस्ट बाहरी राज्यों से हैं। पंजाब के 13 टूरिस्ट भी यहां फंसे हुए हैं। क्योंकि अभी घाटी में मौसम खराब है, इसलिए टूरिस्ट को एयरलिफ्ट करना मुश्किल नजर आ रहा है। सबसे बड़ी राहत यह है कि लेह मनाली हाईवे बहाल कर दिया गया है।
लाहोल स्पीति के एसपी मानव वर्मा ने बताया कि घाटी में अभी बारिश हो रही है। मौसम के साफ होते ही उदयपुर की ओर फंसे सैलानियों को एयरलिफ्ट किया जाएगा और इन्हें सिस्सु हैलिपेड लाया जाएगा। इसके बाद सभी सैलानियों को मनाली बसों के जरिये भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि जितने भी टूरिस्ट फँसे हुए हैं, सबके खाने और रहने का बंदोबस्त किया गया है। डीसी लाहौल स्पीति नीरज कुमार ने इससे पहले जानकारी दी थी कि घाटी में कितने लोग फंसे हैं। वहीं, उन्होंने सरकार से हेलिकॉप्टर की भी मांग की थी। इस पर सीएम जयराम ठाकुर का भी बयान आया था। उन्होंने कहा था कि मौसम साफ होने पर फंसे हुए लोगों को एयरलिफ्ट किया जाएगा।
डीसी लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम इस कार्य में अभी भी जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि उदयपुर को पांगी घाटी के साथ जोड़ने वाले मडग्रां पुल को बीआरओ की ओर से शुक्रवार तक बहाल करने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। लाहौल के उदयपुर क्षेत्र में भारी बारिश और बाढ़ के चलते बहे कुल 10 लोगों में से 7 लोगों के शव सर्च और रेस्क्यू अभियान में मिल चुके हैं, जबकि 3 अन्य की तलाश की जा रही है। शांशा और थिरोट पुल तक जाने वाली क्षतिग्रस्त सड़क को भी पानी का स्तर कम होते ही बहाल कर दिया जाएगा।