हिमाचल में दिल्ली नंबर की लग्जरी कार से 204 ग्राम चिट्टा बरामद, अमृतसर के 4 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 02:59 PM (IST)

तुनुहट्‌टी (संजय): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पैशल टास्क फोर्स को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जिला चम्बा की सीमा पर स्थित कटोरी बंगला के पास एसटीएफ नूरपुर और चम्बा की संयुक्त टीम ने दिल्ली नंबर की एक कार से 204 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब के अमृतसर के रहने वाले 4 युवकों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात एसटीएफ नूरपुर और चम्बा की टीम ने कटोरी बंगला के पास नाकाबंदी की हुई थी। रात करीब साढ़े 9 बजे पठानकोट की तरफ से चम्बा की ओर आ रही एक हुंडई वर्ना कार (DL 11CA-2390) को जांच के लिए रोका गया। टीम ने जब कार में सवार चारों युवकों से पूछताछ शुरू की, तो वे हड़बड़ाने लगे। उनके हाव-भाव देखकर और सवालों का सही जवाब न दे पाने पर टीम का शक गहरा गया। इसके बाद टीम ने कार और उसमें बैठे लोगों की गहनता से तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 204 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद टीम ने तुरंत उन्हें हिरासत में ले लिया।

आरोपियों की पहचान  गुरदास सिंह (24 ) निवासी गुरकी वधाली, डाकघर चयरता,  सोनू (24) निवासी सुंदरनगर मुस्तफाबाद, प्रदीप सिंह (22) निवासी सुभाषनगर 88 फिट रोड, डाकघर बटाला रोड और  गुरदीप सिंह (32) निवासी मुस्तफाबाद हवेलियां, डाकघर विजयनगर के रूप में की गई है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि नशे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और चम्बा में इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय सकलानी ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस नशे के नैटवर्क को तोड़ने के लिए कड़ी पूछताछ कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News