चम्बा में 390 ग्राम चरस की खेप के साथ आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 12:25 PM (IST)
चम्बा (काकू): पुलिस की एसआईयू सैल की टीम ने चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर एक व्यक्ति से 390 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव शेरू डाकघर थनेईकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा के तौर पर की है। पुलिस थाना चम्बा सदर में मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
एसआईयू सैल की टीम चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर गश्त कर रही थी तो इसी दौरान बेडा के समीप पुलिस टीम की नजर प्रमोद कुमार पर पड़ी। पुलिस टीम को देखकर वह घबरा गया। संदेह के आधार पर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 390 ग्राम चरस बरामद हुई। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपी से चरस खेप की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ की जा रही है।

