Kangra News: पुलिस का नाका देख किया भागने का प्रयास, पंजाब के 2 युवक चिट्टे सहित गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 09:30 PM (IST)

गग्गल (वीरेन्द्र): कांगड़ा जिले की गग्गल पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अपने विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान पंजाब के रहने वाले दो युवकों को चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

गग्गल थाना प्रभारी उधम सिंह राजपूत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गग्गल पुलिस की एक टीम इलाके में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान टीम ने शनि देव मंदिर कुठमां के पास नाका लगाकर वाहनों की चैकिंग शुरू की। तभी वहां एक पंजाब नंबर की बाइक पहुंची, जिस पर दो व्यक्ति सवार थे।

पुलिस टीम को सामने देख  बाइक चालक घबरा गया और उसने तुरंत बाइक वापस मोड़ने की कोशिश की ताकि वे मौके से फरार हो सकें, लेकिन पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए भागने का प्रयास कर रहे दोनों युवकों को बाइक सहित काबू कर लिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 5.97 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा कड़ी पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपनी पहचान हरपाल सिंह पुत्र आत्मा सिंह और जसपाल सिंह के रूप में बताई। दोनों आरोपी पंजाब के जिला गुरदासपुर की डेरा बाबा नानक तहसील के गांव चौड़ा वाजवा के रहने वाले हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि चिट्टा बरामद होने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना गग्गल में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि ये युवक यह नशा कहां से लाए थे और हिमाचल में किसे सप्लाई करने जा रहे थे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News