Mandi: नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, जोगिंद्रनगर में 10.05 ग्राम चिट्टा के साथ 2 युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Sep 12, 2025 - 04:39 PM (IST)

मंडी (रजनीश): मंडी जिले में नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जोगिंद्रनगर पुलिस ने 2 स्थानीय युवकों को 10.05 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस काे यह सफलता विशेष नाकाबंदी और यातायात जांच के दौरान मिली है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सन्नी कुमार पुत्र भूरी सिंह और अजय पाल सिंह पुत्र रोशन लाल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी तहसील जोगिंद्रनगर के चौंतड़ा क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई आगे किसे की जानी थी।
मामले की पुष्टि करते हुए मंडी जिला की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने की है। उन्हाेंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए Click Here