Mandi: दिल्ली से मनाली जा रही बस में ''सफेद जहर'' की तस्करी का पर्दाफाश, मंडी का तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 02:42 PM (IST)
सुंदरनगर (सोढी): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर थाना पुलिस ने डैहर में नाकेबंदी के दौरान बस में सवार एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान खेम सिंह (32) पुत्र तिलक राज निवासी गांव साहल, डाकघर कुन्नू, तहसील पधर व जिला मंडी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात एसआई दौलत राम के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल हंसराज, कांस्टेबल कुलदीप और सतीश कुमार पर आधारित टीम डैहर में वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली से मनाली जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस को तलाशी के लिए रोका गया। बस की जांच के दौरान सीट नंबर-30 पर बैठा एक युवक पुलिस काे देखकर घबरा गया। टीम ने जब शक के आधार पर उसके पास माैजूद बैग की जांच की ताे उसमें से एक संदिग्ध लिफाफा मिला। तलाशी लेने पर उसमें 7 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि यह नशा कहाँ से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहाँ होनी थी। पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशे से जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि युवाओं के भविष्य को नशे के चंगुल से बचाया जा सके।

