SP सोलन की बड़ी कार्रवाई, ड्यूटी में कोताही बरतने पर 2 पुलिस कर्मी निलंबित

punjabkesari.in Saturday, Mar 02, 2024 - 10:06 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): एसपी गौरव सिंह ने ड्यूटी में कोताही बरतने पर 2 पुलिस कर्मियों को निलंबित किया है। ये दोनों पुलिस कर्मी एसडीपीओ परवाणू में तैनात थे। एसपी ने इस पूरे मामले का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने इस कार्रवाई से विभाग के कर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी में कोताही बरतने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने पुलिस जिला सोलन में चिट्टे के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। पुलिस ने पिछले कुछ महीनों में चिट्टा तस्करों द्वारा हिमाचल प्रदेश में चलाए जा रहे 13 बड़े अंतर्राज्यीय नैटवर्कों को ध्वस्त किया है। इससे हजारों युवाओं को चिट्टे की आपूर्ति बंद हुई है। पुलिस ने पिछले कुछ समय में चिट्टे के आरोप में बाहरी राज्यों के 88 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चिट्टे के 77 बड़े सप्लायर शामिल हैं। इन सभी आरोपियों को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, असम व महाराष्ट्र इत्यादि राज्यों से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए 88 आरोपियों में 7 अफ्रीकी मूल के नाइजीरियन हैं। पुलिस कर्मियों की ड्यूटी में कोताही से नशे के खिलाफ चले अभियान को भी नुक्सान पहुंच सकता है। यही वजह है कि एसपी ने निलंबन की कार्रवाई की है।

सूत्रों की मानें तो पुलिस जिला सोलन के सभी थानों व चौकियों में पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि मौजूदा स्टाफ पर काम का बोझ कम हो और नशे के खिलाफ समय पर कार्रवाई हो। एसपी ने पिछले कई वर्षों से पुलिस लाइन में जमे हुए कर्मियों को भी थाने व चौकियों में तैनाती दी है। इसी का ही परिणाम है कि नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हो रही है। सदर पुलिस स्टेशन को 2023 के लिए हिमाचल प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन चुना गया है। इसे देश के शीर्ष 10 पुलिस स्टेशनों में शामिल किया गया है। एसपी ने बताया कि एसडीपीओ परवाणू के 2 पुलिस कर्मियों को ड्यूटी में कोताही बरतने के लिए निलंबित किया गया है।

निलंबन की यह कार्रवाई एक आपराधिक मामले से जुड़ी हुई है। इस मामले की जांच में कथित रूप से लापरवाही सामने आई है। पुलिस कर्मियों की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहे थे। एसपी सोलन ने इस मामले का कड़ा संज्ञान लिया और दोनों पुलिस कर्मियों को निलम्बित किया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News