Solan: अतिक्रमण हटाने पर बवाल! MC की टीम के सामने भिड़े पूर्व पार्षद और दुकानदार; महिला कर्मी का फोन छीनने का प्रयास

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 06:49 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): सोलन शहर में नगर निगम के लिए अतिक्रमण हटाना अब एक बड़ी चुनौती बन गया है। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने जा रही निगम की टीम को लगातार दुकानदारों के भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। हालात ये हैं कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अब विवाद और झड़प में तब्दील होने लगी है। ताजा मामला सोलन के लोअर बाजार का है। जानकारी के अनुसार जब नगर निगम की टीम बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी, तभी स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान एक पूर्व पार्षद और दुकानदार के बीच शुरू हुई बहस मारपीट में बदल गई। इतना ही नहीं, जब निगम की एक महिला कर्मचारी इस पूरी कार्रवाई का वीडियो बना रही थी तो कुछ लोगों ने उसका फोन छीनने का भी प्रयास किया, जिससे मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया।

पहले भी हो चुका है एसडीओ से विवाद
निगम कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार का यह पहला मामला नहीं है। इससे कुछ दिन पूर्व मालरोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान निगम के एसडीओ के साथ भी एक व्यापारी की तीखी नोकझोंक हो गई थी। स्थिति बिगड़ने पर नगर निगम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

वरिष्ठ अधिकारियों की गैर-मौजूदगी पर उठे सवाल
शहर के मालरोड से लेकर लोअर बाजार तक, दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सामान रखने और रेहड़ी-फड़ी वालों के कारण सड़कें काफी संकरी हो गई हैं। बताया जा रहा है कि जब एसडीओ के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था, तब निगम के आला अधिकारियों को स्वयं मैदान में उतरकर कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय कार्रवाई का जिम्मा निचले स्तर के कर्मचारियों, विशेषकर महिला कर्मियों पर छोड़ दिया गया। ये कर्मचारी चालान तो काट रहे हैं, लेकिन उन्हें दुकानदारों के भारी आक्रोश का शिकार होना पड़ रहा है। इन सबके बावजूद शहर में अतिक्रमण की स्थिति जस की तस बनी हुई है।

अतिक्रमण हटने से बढ़ेगा कारोबार, सहयोग करें : मेयर
इस पूरे घटनाक्रम पर नगर निगम की मेयर सुषमा शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम के कर्मचारी कानून के दायरे में रहकर अतिक्रमण के खिलाफ अपना काम कर रहे हैं। मेयर ने कहा कि अतिक्रमण हटेगा तो शहर साफ-सुथरा दिखेगा और इससे कारोबार ही बढ़ेगा। हम सभी से इस अभियान में सहयोग की अपील करते हैं। वहीं मेयर ने चेतावनी देते हुए यह भी कहा कि यदि अतिक्रमणकारियों का ऐसा ही रवैया और विरोध जारी रहा तो नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं मोर्चे पर उतरना पड़ेगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News