महिला कर्मी ने लगाया मोबाइल छीनने का आरोप, पूर्व पार्षद व दुकानदार के बीच मारपीट
punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 02:16 PM (IST)
Solan News : नगर निगम को शहर में अतिक्रमण हटाना बड़ी चुनौती बन गया है। इसको लेकर निगम के कर्मचारियों को दुकानदारों के विरोध का भी सामना करना पड़ा है। कार्रवाई का वीडियो बना रही महिला कर्मी के फोन छीनने का प्रयास भी किया। स्थिति तो उस समय तनावपूर्ण हो गई जब शहर के लोअर बाजार में पूर्व पार्षद व एक दुकानदार के बीच में मारपीट ही हो गई। अतिक्रमण से शुरू हुआ यह विवाद मारपीट में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की टीम अतिक्रमण के खिलाफ लोअर बाजार में कार्रवाई कर रही थी। उस दौरान यह घटना सामने आई। यह पहला मौका नहीं है कि निगम के कर्मचारी को दुकानदारों के गुस्से का शिकार होना पड़ा है। इससे पूर्व भी कुछ दिन पहले मालरोड पर अतिक्रमण की कार्रवाई के दौरान निगम के एसडीओ के साथ एक व्यापारी की बहसबाजी नोक-झोंक में तबदील हो गई थी। इस मामले में निगम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। बता दें कि सोलन शहर में अतिक्रमण के चलते बाजार की सड़कें संकरी हो गई है। इसे हटाना निगम के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। मालरोड पर रेहड़ी-फड़ियां नजर आती है। बाजार के कई हिस्सों में दुकानदारों ने दुकानों के बाहर सामान लगाकर जगह घेर रखी है। निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान की शुरूआत एसडीओ की अगुवाई में की थी, जब मालरोड पर उनके साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया तो निगम के अधिकारियों को मोर्चा संभालकर कर्मचारियों के साथ खड़े होने की जरूरत थी। इससे अतिक्रमणकारियों को भी स्पष्ट संदेश जाता कि कार्रवाई केवल कर्मचारियों तक सीमित नहीं है। इसके बजाय एक छोटे स्तर के कर्मचारी को अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी सौंप दी।
"अतिक्रमण हटेगा तो कारोबार ही बढ़ेगा"
हालांकि महिला कर्मी अपनी टीम के साथ अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। चालान भी काट रही है लेकिन कई बार दुकानदारों के गुस्से का शिकार होना पड़ रहा है। निगम की इस कार्रवाई के बावजूद शहर से अतिक्रमण हटता हुआ नजर नहीं आ रहा है। शहर के आज भी पहले जैसे ही हालात हैं। नगर निगम की मेयर सुषमा शर्मा ने बताया कि निगम के कर्मचारी कानून के दायरे में रहकर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। अतिक्रमण हटेगा तो कारोबार ही बढ़ेगा। निगम के इस अभियान में सबको सहयोग करना चाहिए। यदि ऐसा ही चलता रहा तो अधिकारी भी मैदान में उतर सकते हैं।

