Solan: बद्दी पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 2.08 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति फ्रीज
punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 07:46 PM (IST)
बीबीएन (शेर सिंह): पुलिस जिला बद्दी द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ छेड़े गए अभियान ने अब एक नया और सख्त मोड़ ले लिया है। पुलिस अब न केवल तस्करों को सलाखों के पीछे भेज रही है, बल्कि नशे के काले कारोबार से बनाई गई संपत्तियों (ड्रग मनी) पर भी कड़ा प्रहार कर रही है। इसी कड़ी में, नालागढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में एक नशा तस्कर और उसके परिजनों की लगभग 2.08 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।
6.68 ग्राम चिट्टा बरामदगी से शुरू हुई थी जांच
पुलिस के अनुसार, इस बड़ी कार्रवाई की नींव 12 मई 2024 को रखी गई थी। पुलिस थाना नालागढ़ में दर्ज एफआईआर (अभियोग संख्या 119/2024) के तहत आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा निवासी टिक्कर पनोह, नालागढ़ को 6.68 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी और उसके परिवार की संपत्तियों की विस्तृत वित्तीय जांच की। ड्रग मनी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के पुख्ता सुबूत मिलने के बाद पुलिस ने इन संपत्तियों को कानून के प्रावधानों के तहत फ्रीज कर दिया।

जेल में बंद मां की 80 लाख की संपत्ति सीज
पुलिस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी की मां अमरजीत कौर की संपत्तियों को फ्रीज किया गया है, जो वर्तमान में पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत किशनपुरा जेल में बंद हैं। उनकी सीज की गई चल संपत्तियों में टाटा पंच कार (कीमत 8.47 लाख), एक्टिवा (कीमत 90 हजार) और टीवीएस जूपिटर (कीमत 70 हजार) शामिल हैं। अचल संपत्तियों में टिक्कर पनोह में 7.10 बिस्वा जमीन (बाजार कीमत 40 लाख) और उस पर बना दो मंजिला मकान (बाजार कीमत 30 लाख) शामिल है। अमरजीत कौर की कुल 80,07,000 रुपए की संपत्ति फ्रीज की गई है।
भाई और भाभी के नाम दर्ज 83 लाख की संपत्तियों पर भी एक्शन
मुख्य आरोपी के भाई सतनाम सिंह उर्फ सत्ती की संपत्तियों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा है। उसकी चल संपत्तियों में टीवीएस एनटार्क (कीमत 1.25 लाख), एक्टिवा (कीमत 90 हजार) और मारुति जेन कार (कीमत 1 लाख) शामिल हैं। इसके अलावा, पत्नी हिमांशी सहोत्रा के नाम पर दर्ज 2.10 बिस्वा भूमि और उस पर निर्मित मकान (बाजार कीमत लगभग 80 लाख) को भी फ्रीज किया गया है। सतनाम सिंह से संबंधित कुल 83,15,000 रुपए की संपत्ति सीज की गई है।

मुख्य आरोपी का 45 लाख का फ्लैट भी फ्रीज
इस कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा की अचल संपत्ति को भी नहीं बख्शा। जेएचएसडीपी नालागढ़ स्थित उसके 2 बीएचके मकान और जमीन को फ्रीज किया गया है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह, पुलिस ने तीनों व्यक्तियों अमरजीत कौर, सतनाम सिंह और गुरप्रीत सिंह की कुल 2,08,22,000 रुपए की संपत्तियों को कुर्क किया है।
नशे की कमाई को किसी सूरत में नहीं बचने देंगे: एसपी
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों और उनके द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। एसपी ने कड़े शब्दों में कहा कि नशे के कारोबार से बनाई गई संपत्ति को किसी भी सूरत में सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

