Solan: बद्दी पुलिस द्वारा नशा तस्करों की 1.97 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 10:13 PM (IST)

बीबीएन (ठाकुर): पुलिस जिला बद्दी द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नशा तस्करों की अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के साथ-साथ उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर भी प्रभावी आर्थिक प्रहार किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बद्दी में एनडीएंडपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज प्राथमिक संख्या 265/2025 के संबंध में माननीय सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, एसएएफईएम (एफओपी) एक्ट एंड एनडीपीएस एक्ट नई दिल्ली द्वारा आरोपी एवं उसके परिजनों के नाम पर अर्जित संपत्तियों की फ्रीजिंग की पुष्टि की गई है। उक्त मामले में आरोपी राहुल गुप्ता पुत्र संतोष शाह निवासी जिला सारण, बिहार, वर्तमान निवासी बद्दी के कब्जे से 10.330 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। वित्तीय जांच के दौरान लक्ष्मी नारायण कालोनी, वार्ड नंबर 7, बद्दी स्थित 06 बिस्वा भूमि एवं तीन मंजिला भवन, जिसकी कुल कीमत 1,71,64,271 रुपए है, स्कॉर्पियो एन वाहन, जिसकी कीमत 24,69,725 रुपए तथा विभिन्न बैंक खातों में 1,42,251 रुपए सहित कुल करीब 1.97 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज की गई है।

गौरतलब है कि आरोपी की माता रिंकू देवी की भी नशे के कारोबार में संलिप्त रही है। वर्ष 2022 में पुलिस थाना बद्दी की पुलिस टीम द्वारा उसके कब्जे 824 ग्राम गांजा तथा अवैध देसी शराब बरामद की गई थी। इस संबंध में रिंकू देवी के विरुद्ध पुलिस थाना बद्दी में अभियोग संख्या 225/22 अधीन धारा 20-61-85 एनडीएंडपीएस तथा हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। बद्दी पुलिस की यह कार्रवाई नशा तस्करों के विरुद्ध केवल मादक पदार्थों की बरामदगी तक सीमित न रहकर नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर सीधा आर्थिक प्रहार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विनोद धीमान, पुलिस अधीक्षक बद्दी ने कहा है कि बद्दी पुलिस द्वारा नशा तस्करों तथा उनके द्वारा नशा तस्करी से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान, वित्तीय जांच तथा कानून के अनुसार फ्रीजिंग/जब्ती की कार्रवाई आगे भी इसी प्रकार निरंतर जारी रखी जाएगी और नशे के अवैध कारोबारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News