नाकाबंदी पर कार से डेढ़ किलो चरस बरामद, 2 युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Jun 12, 2021 - 08:38 PM (IST)

पधर (ब्यूरो): पधर पुलिस ने कांगड़ा जिले के 2 युवकों से 1 किलो 510 ग्राम चरस बरामद कर दोनों युवकों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार शनिवार को हैड कांस्टेबल अजय कुमार, अश्विनी कुमार व जोगिंद्रनगर के संजय कुमार ने घटासनी-बरोट राजमार्ग पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान झटींगरी की तरफ से आ रही सफेद रंग की मारुति कार को जांच के लिए रोका गया। कार में चालक सहित 2 लोग सवार थे। तलाशी लेने पर उक्त कार से 1 किलो 510 ग्राम चरस बरामद हुई। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि दोनों युवकों सुनील कुमार (28) निवासी चड़ी, शाहपुर कांगड़ा और कार चालक राजेश कुमार निवासी कांगड़ा को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। इन्हें न्यायालय में पेश करने के उपरांत रिमांड पर लिया जाएगा।