Una: तेज रफ्तार पिकअप ने कार को मारी टक्कर, 2 घायल

punjabkesari.in Sunday, Apr 27, 2025 - 03:47 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): पुलिस थाना अम्ब के तहत मैड़ी श्री चरणगंगा रोड पर हुए सड़क हादसे में पुलिस ने महिंद्रा पिकअप चालक के खिलाफ तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। घटना 26 अप्रैल की रात करीब 9 बजे की है। हादसे में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार चालक अपनी महिंद्रा पिकअप को तेज रफ्तार से चला रहा था।

मैड़ी से नैहरियां की ओर उतराई के दौरान नियंत्रण खोने पर उसकी पिकअप की टक्कर नैहरियां से श्री चरणगंगा की ओर जा रही एक मारुति कार से हो गई। हादसे में कार सवार संजय (40) निवासी गांव टिक्कर, रक्कड़ जिला कांगड़ा और शालिग्राम (70) निवासी गांव भरमौत बंगाणा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया जहां से उन्हें गंभीर स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया गया। थाना प्रभारी अम्ब अनिल उपाध्याय ने कहा कि पुलिस ने आरोपी महिंद्रा पिकअप चालक के खिलाफ बनती धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News