Kullu News: पिकअप से 160 पेटी बीयर बरामद, बिलासपुर के 2 युवक गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 05:49 PM (IST)

कुल्लू (संजीव): जिला कुल्लू में अवैध शराब और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत भुन्तर पुलिस ने एक पिकअप गाड़ी से 160 पेटी किंगफिशर बीयर बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने बिलासपुर जिले के 2 युवकों को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया है।
​जानकारी के अनुसार पुलिस थाना भुन्तर की टीम शुक्रवार को गश्त पर थी। इसी दौरान हाथीथान चौक पर संदेह के आधार पर एक पिकअप को जांच के लिए रोका गया। पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें रखी गई 160 पेटी कुल 1,920 बोतलें किंगफिशर बीयर बरामद हुई। जब वाहन सवार युवकों से इस खेप के वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई भी कागज पेश नहीं कर सके। ​पुलिस ने वाहन चालक अजय चौधरी और मुकेश कुमार दोनों निवासी जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया तथा आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर शराब की खेप और पिकअप को सीज कर दिया है।

​एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि जिला पुलिस नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति पर काम कर रही है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगामी दिनों में भी जारी रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News