Kullu: होटल और होम स्टे में पुलिस की रेड, 54 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद; महिला सहित पंजाब के 4 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 05:51 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू): कुल्लू जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का कड़ा अभियान जारी है। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 2 अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए मनाली और कसोल के होटल व होम स्टे में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 54 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद किया है। इन मामलों में पुलिस ने एक महिला सहित पंजाब के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मनाली के होटल में तरनतारन के 2 युवक अरैस्ट
पहले मामले में डिटैक्शन सैल कुल्लू की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने मनाली के गोंपा रोड पर स्थित होटल के कमरा नंबर 29 में अचानक छापेमारी की। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस ने वहां ठहरे दो युवकों के कब्जे से 14.140 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मलकीत सिंह और बिक्रमजीत सिंह के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी पंजाब के तरनतारन जिले के रहने वाले हैं।

कसोल के होम स्टे में बठिंडा की महिला व लुधियाना का युवक गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई मणिकर्ण पुलिस थाना की टीम द्वारा की गई। पुलिस टीम ने कसोल स्थित होम स्टे के कमरा नंबर 102 में दबिश दी। जब पुलिस ने कमरे की गहनता से तलाशी ली, तो वहां ठहरे एक युवक और युवती के पास से 40.86 ग्राम चिट्टा जब्त किया गया। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मी निवासी बठिंडा (पंजाब) और श्याम निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।

आरोपियों  केबैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
कुल्लू पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच (बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज) कर रही है कि आरोपी नशे की यह भारी खेप कहां से खरीद कर लाए थे और पर्यटन नगरी में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News