2022 में 12.73 लाख वाहनों ने पार की अटल टनल रोहतांग : डीजीपी

punjabkesari.in Tuesday, Jan 03, 2023 - 06:26 PM (IST)

शिमला (रमेश सिंगटा): वर्ष 2022 में विश्व की सबसे बड़ी अटल टनल रोहतांग को 1273699 वाहनों ने पार किया है। वर्ष 2021 के मुकाबले 2022 में वाहनों के प्रवेश करने की प्रतिशतता 60 प्रतिशत अधिक है। इससे लाहौल घाटी में पर्यटकों के माध्यम से रोजगार के नए द्वार खुल गए हैं। देश-विदेश के पर्यटकों के लिए यह पसंदीदा सैरगाह बन गई है। हिमाचल पुलिस भी नए वर्ष में पर्यटकों का स्वागत करने के पूरी तरह से तत्पर है। यह जानकारी डीजीपी संजय कुंडू ने पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि सुरंग के खुलने के बाद से लाहौल-स्पीति में यातायात दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। वर्ष 2022 में 3 महीनों मई, जून और दिसम्बर में ही इस सुरंग से 7 लाख से ज्यादा वाहनों ने प्रवेश किया। बीते 25 दिसम्बर को एक ही दिन में 19000 से अधिक वाहनों की आवाजाही दर्ज हुई है। एक दिन में गुजरने वाले वाहनों में यह सर्वाधिक है।

पर्यटकों की सुरक्षा में 24 घंटे डटी पुलिस
डीजीपी ने बताया कि पर्यटक हर प्रकार के मौसम में यहां का रुख कर रहे हैं। गर्मी और सर्दी के मौसम में तो पर्यटकों का सैलाब उमड़ता है। हिमाचल पुलिस इन पर्यटकों को सुरक्षित माहौल सुरक्षित करने के लिए 24 घंटे सेवाएं प्रदान कर रही है। डीजीपी के अनुसार विभाग समर्पण व पेशेवर दृष्टिकोण के साथ लाहौल-स्पीति जिले में आगंतुकों का स्वागत करने को सदैव तत्पर है। उन्होंने लाहौल के एसपी मानव वर्मा व कुल्लू के एसपी गुरदेव शर्मा को सराहनीय सेवाएं प्रदान करने के लिए बधाई दी है। 

सुरंग पर कितनी आई है लागत
यह सुरंग पीर-पंजाल की पहाड़ी को भेदकर 3200 करोड़ रुपए की लागत से बनी है। इससे चीन और पाकिस्तान सीमा पर पहुंचना आसान हुआ है। अटल टनल को 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के साथ प्रतिदिन एकतरफा 5000 वाहनों के यातायात घनत्व के लिए डिजाइन किया गया है। आपातकालीन संचार के लिए प्रत्येक 150 मीटर की दूरी पर टैलीफोन कनैक्शन तथा प्रत्येक 60 मीटर की दूरी पर फायर हाईड्रैंट सिस्टम लगाए गए हैं। प्रत्येक 250 मीटर की दूरी पर सीसीटीवी कैमरों से युक्त स्वत: किसी घटना का पता लगाने वाला सिस्टम लगा है। 

कब हुआ था उद्घाटन 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सामरिक रूप से महत्वपूर्ण सभी मौसम में खुली रहने वाली अटल टनल का 2 अक्तूबर, 2020 में उद्घाटन किया था। अटल सुरंग दुनिया में सबसे लंबी राजमार्ग सुरंग है। 9.02 किलोमीटर लंबी सुरंग मनाली को वर्ष भर लाहौल-स्पीति घाटी से जोड़े रखेगी। पहले घाटी करीब 6 महीने तक भारी बर्फबारी के कारण शेष हिस्से से कटी रहती थी। हिमालय के पीर पंजाल पर्वत शृंखला के बीच अत्याधुनिक विशिष्टताओं के साथ समुद्र तल से करीब 3000 मीटर की ऊंचाई पर सुरंग को बनाया गया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News