हिमाचल के पूर्व विधायक चौधरी लज्जा राम का निधन
punjabkesari.in Monday, Nov 23, 2015 - 09:51 AM (IST)
शिमला: हिमाचल प्रदेश के पूर्व संसदीय सचिव व सोलन जिले के दून निर्वाचन क्षेत्र से 4 बार विधायक रहे चौधरी लज्जा राम (82) का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। चौधरी लज्जा राम को रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अचानक सीने में दर्द उठा था और परिजन उन्हें बद्दी के निजी चिकित्सालय ले गए जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चौधरी लज्जा राम ने वर्ष 1972 से पंचायत चुनाव से अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत की थी। वे 1972 से 1985 तक बद्दी पंचायत के प्रधान पद पर रहे। इस बीच वे जोगिंद्रा बैंक के वाइस चेयरमैन व नालागढ़ मार्कीट कमेटी के डायरैक्टर भी रहे। वर्ष 1990 में जनता दल के टिकट से दून निर्वाचन क्षेत्र से पहला चुनाव लड़ा तथा उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी राम प्रताप चंदेल को हराकर पहली बार विधानसभा पहुंचे। वर्ष 1993 में हुए विस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट से चुनाव जीते।
इसके बाद वर्ष 1998 व 2003 में चुनाव जीते। दून निर्वाचन क्षेत्र से लगातार 4 बार चुनाव जीतने का भी उन्होंने रिकार्ड बनाया। वर्ष 2006 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार में वे संसदीय सचिव भी बने। हालांकि वर्ष 2007 में हुए विस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा लेकिन वर्ष 2012 में हुए विस चुनाव में उनके बेटे चौधरी रामकुमार ने चुनाव जीतकर उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया। सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव हरिपुर संडोली में होगा तथा उनके बड़े बेटे भजन चौधरी चिता को मुखाग्नि देंगे।

