सेवानिवृत्त सैनिकों के लिए खुला नौकरी का पिटारा, पढ़ें पूरी खबर
punjabkesari.in Thursday, Oct 13, 2016 - 05:40 PM (IST)

शिमला: हिमाचल के सेवानिवृत्त सैनिकों के लिए नौकरी का पिटारा खुल गया है। हिमाचल प्रदेश में 133 पैदल वाहिनी (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल डोगरा के लिए सेवानिवृत्त जीडी जवान और ट्रेड्समैन की भर्ती हो रही है। यह भर्ती शिमला के कुफरी में आयोजित की जा रही है। इच्छुक सभी सेवानिवृत्त सैनिकों को 21 व 22 अक्तूबर को कुफरी पहुंचना होगा। सैनिकों की भर्ती सुबह 8 से 4 बजे तक की जाएगी।
भर्ती के लिए सभी उम्मीदवारों को दिए गए नियम व शर्तों के अनुसार दस्तावेज साथ लाने होंगे। जिन उम्मीदवारों के पास दस्तावेज नहीं होंगे, वे भर्ती देने के लिए पात्र नहीं होंगे। ध्यान रहे कि सेना भर्ती कार्यालय द्वारा इन्फैंटरी सोल्जर जीडी की 33, ट्रेड्समैन 2 (चीफ मैस 1 और स्टेवार्ड 1), नॄसग असिस्टैंट की 1 सीट के लिए भर्ती की जा रही है। भर्ती के दौरान उम्मीदवार को पैंशन पेमैंट ऑर्डर पीपीओ, सेवानिवृत्त पुस्तक (डिस्चार्ज बुक), निवास प्रमाण पत्र जोकि तहसीलदार से हस्ताक्षरित होना चाहिए और पासपोर्ट साइज के 4 कलर फोटोग्राफ, चरित्र प्रमाण पत्र ग्राम प्रधान द्वारा हस्ताक्षरित किया हो और सिविल शिक्षा प्रमाण पत्र साथ होना चाहिए।
ये होगी योग्यताएं
- आवेदक जवान पैंशन ले रहा हो और भूतपूर्व सैनिक का दर्जा हासिल हो।
- हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना चाहिए।
- जवान की आयु 45 वर्ष से अधिक न हो। चरित्र प्रमाण पत्र से सेवानिवृत्त सैनिक का चरित्र सही होना चाहिए।
- जवान 30 सितम्बर, 2011 के बाद सेवानिवृत्त हो।
- शारीरिक मापदंड अव्वल दर्जे का होना चाहिए।
- शारीरिक तौर पर सेवानिवृत्त के समय शेप-1 हो।
सेवा की शर्तें
- एक साल में 8 से 10 महीने तक काम पर रखा जाएगा।
- एक्स ओआर को सिपाही में भर्ती किया जाएगा।
- 7 वर्ष सर्विस अवधि या 50 साल उम्र, इन दोनों में से जो पहले होगी, उसके आधार पर घर भेजा जाएगा।