मंडी में सेब सीजन जोरों पर और सड़कों पर कीचड़ का राज

punjabkesari.in Monday, Sep 12, 2016 - 12:08 PM (IST)

मंडी: हिमाचल प्रदेश के सराज क्षेत्र में सड़कों की हालत इन दिनों बद से बदतर हो गई है। सेब सीजन जोरों पर है और सड़कों पर कीचड़ का राज है। जिला के थाची से डीडर सड़क की हालत इस कद्र खराब हो चुकी है कि छोटे वाहन चलाना तो दूर लोग ट्रैक्टर से सेब ढो रहे हैं। ऐसे में सेब को मार्कीट में क्या दाम मिलेंगे अंदाजा स्वत ही लगाया जा सकता है।

गाड़ागुशैणी बस अड्डे को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यहां कोई कुश्ती का अखाड़ा है। चारों ओर कीचड़ ही कीचड़ का आलम है जिससे लोगों को इसे पार करने के लिए कपड़े घुटनों से ऊपर तक खिसकाने पड़ते हैं। विभाग के अधिकारी इस भारी समस्या को जानते हुए भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं।

कहीं सड़कें तंग तो कहीं डंगे ही नहीं लगाए
जिला परिषद सदस्य संत राम ने बालीचौकी क्षेत्र की सड़कों का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि सुधराणी से थाटा, गाडागुसैणी से टपनाली (घाट) और थाची से नारायणगलू (डीडर) सड़कों का उद्घाटन 2012 में किया जा चुका है लेकिन आलम यह है कि उद्घाटन के 4 साल बीत जाने के बाद भी सड़कों पर बसें नहीं चल पाई हैं कई जगह ये सड़कें तंग हैं और कई जगह पर डंगे नहीं लगे हैं।

आधी-अधूरी सड़कों के निर्माण में करोड़ों रुपए खर्च कर दिए गए लेकिन इन्हें पूरा न करके लोगों को यातायात की सुविधा से वंचित रखा गया है। इन सड़कों पर बसें न चलने के कारण लोगों को छोटी गाड़ियों में भारी राशि खर्च करके अपना सफर पूरा करना पड़ता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News