पालमपुर में 26 सब्जी विक्रेताओं के कटे चालान
punjabkesari.in Tuesday, Jul 05, 2016 - 10:33 AM (IST)
पालमपुर: हिमाचल प्रदेश में पालमपुर में नियमों की उल्लंघना करने पर प्रशासन ने सब्जी व फल विके्रताओं पर कार्रवाई की। बिना बिल व लाभांश से अधिक वसूली पर इन सब्जी विक्रेताओं पर शिकंजा कसा गया है।
प्रशासन ने 27 फल व सब्जी विक्रेताओं का निरीक्षण किया तथा 26 विके्रता नियमों की उल्लंघना के दोषी पाए गए। सब्जी मंडी से फल व सब्जी की खरीद की एवज में उक्त विक्रेताओं के पास बिल तक नहीं थे, वहीं निर्धारित लाभांश से अधिक उपभोक्ताओं से वसूलने पर भी इन विक्रेताओं पर कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि प्रशासन के समक्ष उपभोक्ताओं से अधिक लाभांश लिए जाने की शिकायतें विगत कुछ दिनों से आ रही थीं, ऐसे में एस.डी.एम. के नेतृत्व में बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। इस अभियान के दौरान प्रशासन ने 8 किंवटल 68 किलोग्राम सब्जी जब्त की और इसकी एवज में 38,340 रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
प्रशासन ने सभी फल व सब्जी विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि बिना बिल व क्यू फार्म के सब्जी न खरीदें। अभियान के दौरान नायब तहसीलदार विजय सूद, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक अलोक वालिया व के.सी. पुरी भी शामिल रहे। एस.डी.एम. अजीत भारद्वाज ने बताया कि प्रशासन ने अभियान के दौरान 27 निरीक्षण किए तथा 26 सब्जी व फल विक्रेताओं के चालान काटे हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

