धर्मशाला से पालमपुर जा रही निजी बस हादसे का शिकार, अनियंत्रित होकर DC ऑफिस से टकराई...मची चीख-पुकार
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 04:06 PM (IST)
Kangra News : हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला जिला कांगड़ा से सामने आया है, जहां पर शुक्रवार को धर्मशाला से पालमपुर जा रही एक निजी बस दीवार से जा टकराई। इस हादसे में 11 से अधिक लोग घायल हुए है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह सड़क दुर्घटना शुक्रवार दोपहर के समय धर्मशाला के डीसी ऑफिस के पास घटित हुई। बताया जा रहा है कि निजी बस रोजाना की तरह अपने तय समय पर धर्मशाला बस स्टैंड से सवारियां लेकर पालमपुर के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस डीसी ऑफिस के समीप पहुंची थी कि अचानक चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होकर बस सीधे डीसी ऑफिस की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 11 से अधिक लोग घायल हुए है।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला। घायल हुए लोगों को तुरंत जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

