Kangra: दोस्त की आंखों के सामने खड्ड में डूबा 19 वर्षीय युवक, घर और गांव में पसरा मातम
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 09:06 PM (IST)
बैजनाथ (सुरिन्द्र): कांगड़ा जिले के उपमंडल बैजनाथ के समीपवर्ती क्षेत्र खड़ानाल पंचायत में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां पुन्न खड्ड में नहाने गया 19 वर्षीय एक युवक काल का ग्रास बन गया। मृतक की पहचान आयुष कुमार पुत्र राम सिंह के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद युवक के परिवार और पूरे गांव में मातम छा गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा गत वीरवार को उस समय हुआ जब आयुष अपने एक दोस्त के साथ घूमने के लिए निकला था। घूमते-घूमते दोनों दोस्त पुन्न खड्ड के पास पहुंच गए और वहां नहाने का मन बनाया। इसी दौरान आयुष ने खड्ड के पानी में छलांग लगा दी, लेकिन वह अचानक गहरे पानी की चपेट में आकर डूबने लगा।
नहाते समय जब आयुष खुद को संभाल नहीं पाया और डूबने लगा, तो उसने मदद के लिए शोर भी मचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आयुष को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
बैजनाथ के थाना प्रभारी यादेश ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक युवक के माथे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि खड्ड में छलांग लगाते समय युवक का सिर किसी पत्थर से टकराया होगा। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

