Sirmaur: पांवटा साहिब में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का पुतला फूंका
punjabkesari.in Thursday, Jun 19, 2025 - 09:25 PM (IST)

पांवटा साहिब/नाहन (आशु): माजरा प्रकरण के बाद राजनीति पूरी तरह से गरमाई है। बुधवार को भाजपा की जन आक्रोश रैली के बाद वीरवार को यूथ कांग्रेस ने पांवटा साहिब में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी युवाओं ने जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल सहित भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इससे पहले यूथ कांग्रेस ने आक्रोश रैली निकाली, जिसका नेतृत्व यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने किया।
अधिकारियों को धमकाने के लिहाज में भाषणबाजी करते हैं जयराम : मनीष ठाकुर
इस मौके पर मनीष ठाकुर ने पांवटा साहिब में जनसभा के दौरान नेता प्रतिपक्ष द्वारा प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के खिलाफ की गई बयानबाजी की निंदा करते हुए कहा कि जयराम ठाकुर मंच से स्थानीय अधिकारियों को धमकाने के लिहाज में भाषणबाजी करते हैं, लेकिन यूथ कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक और युवती के मामले में माजरा प्रकरण को लेकर भाजपा और उसके नेताओं ने इस संवेदनशील मामले को भी राजनीतिक तमाशा बना दिया। उन्होंने साफ किया कि अभी यह सिर्फ शुरूआत है। यदि अब भी इस मामले में भाजपा नेता नहीं सुधरते तो यूथ कांग्रेस आंदोलन को और अधिक तेज करेगी, क्योंकि अब झूठ और धमकियों भरी राजनीति नहीं चलेगी।
एसडीएम और डीएसपी को किया सम्मानित
आक्रोश रैली के बाद यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ताओं ने पांवटा साहिब के एसडीएम गुंजित सिंह चीमा और डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर को सम्मानित किया। यूथ कांग्रेस ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने 2 समुदायों के बीच उपजे विवाद को निपटाने में अहम भूमिका निभाई है।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक