Sirmaur: पांवटा साहिब में पुलिस का बड़ा एक्शन, गुप्त सूचना पर पकड़ी नशे की खेप...कार सवार 2 युवक गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 05:15 PM (IST)

पांवटा साहिब (कपिल): जिला सिरमौर पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अपने अभियान में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन सैल की टीम ने पांवटा साहिब के पुरूवाला क्षेत्र में कार सवार 2 युवकों को चरस की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.258 किलोग्राम चरस बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि स्पैशल डिटैक्शन सैल की टीम पुरूवाला क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि एक कार में चरस की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त कार को रोका। पुलिस टीम ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें सवार 2 युवकों के कब्जे से 1 किलो 258 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चरस और कार को कब्जे में ले लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लक्ष्य नेगी निवासी गांव गोजर अडैन, डाकघर खोदरी और यश निवासी गांव डोंडली, डाकघर खोदरी, तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुरूवाला पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह नशा कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस का कहना है कि नशे के नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News