Kullu: रेहड़ी की आड़ में चल रहा था नशे का काला कारोबार, चिट्टे के साथ मंडी का युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 11:30 PM (IST)
कुल्लू: जिला कुल्लू पुलिस ने नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सरवरी बस अड्डे के पास एक व्यक्ति को 12.67 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी रेहड़ी लगाकर अपनी आजीविका कमाने का ढोंग कर रहा था, जबकि उसकी आड़ में वह नशे की तस्करी में संलिप्त था।
जानकारी के अनुसार कुल्लू पुलिस की एक टीम सरवरी बस अड्डे के समीप गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक रेहड़ी चलाने वाले युवक की गतिविधियों पर संदेह हुआ। जब पुलिस ने शक के आधार पर उसकी तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 12.67 ग्राम नशीला पदार्थ (चिट्टा) बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान प्रवीण कुमार पुत्र रौनकी राम निवासी गांव पंजागना, तहसील जोगिंद्रनगर व जिला मंडी के रूप में हुई है।
एसपी कुल्लू मदन लाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशा कहां से लाया था और कुल्लू में किसे सप्लाई करने वाला था।

