हिमाचल पुलिस ने चिट्टे के साथ दबाेचा 25 साल का तस्कर, जालंधर का रहने वाला है आराेपी

punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 03:19 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस थाना बरमाणा की टीम ने गश्त के दौरान एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पंजाब के एक युवक को चिट्टे के साथ रंगे हाथों दबोचा है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 5.65 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बरमाणा थाना की पुलिस टीम बीते शाम को इलाके की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मद्देनजर गश्त पर थी। जब पुलिस टीम अलसू पुल के समीप पहुंची तो वहां एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देख युवक घबरा गया और वहां से खिसकने की कोशिश करने लगा, जिस पर पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर रोक लिया।

संदेह होने पर जब पुलिस ने युवक की नियमानुसार तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 5.65 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को तुरंत जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान अमृतपाल सिंह (25) पुत्र निवासी मकान नंबर 26, गांव व डाकघर नागरा, थाना डिवीजन नंबर-1 सोढल, तहसील जालंधर-1 (पंजाब) के रूप में हुई है।

बरमाणा पुलिस ने आरोपी अमृतपाल के खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह जांच रही है कि आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं और वह कब से इस काले कारोबार में संलिप्त है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने बताया कि पुलिस नशा माफिया को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब  यह पता लगाने की काेशिश कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लेकर आया था और इसे बिलासपुर में किसे सप्लाई किया जाना था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News