कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर वाहन से चिट्टे की खेप बरामद, मंडी के 2 तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 02:11 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते जाल को तोड़ने के लिए बिलासपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में जिला पुलिस की विशेष जांच टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.61 ग्राम चिट्टे के साथ मंडी जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर ड्रग नेटवर्क की कड़ियां खंगालनी शुरू कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बलोह के समीप मल्यावर लिंक रोड के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान वहां से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। इसी बीच टीम ने एक वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके अंदर से 10.61 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद वाहन में सवार दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शुभम द्विवेदी निवासी गांव बग्गी, तहसील बल्ह, जिला मंडी और रोहित वर्मा निवासी गांव दरबाथू-बग्गी, डाकघर लुहारा, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। इस संदर्भ में पुलिस थाना घुमारवीं में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित हो गई है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस ड्रग सिंडिकेट से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि मुख्य सप्लायरों तक पहुंचा जा सके।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान चिट्टे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस जीरो टॉलरैंस की नीति पर काम कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगामी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

