Shimla: नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1 किलो से अधिक चरस के साथ युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Jan 01, 2026 - 05:46 PM (IST)
रामपुर बुशहर (संतोष): पुलिस उपमंडल रामपुर के अंतर्गत आने वाले झाकड़ी पुलिस थाने की टीम को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना और गश्त के दौरान एक युवक को भारी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार बीते दिन झाकड़ी पुलिस की एक टीम ज्यूरी-सराहन लिंक रोड पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान क्यार नामक स्थान के समीप पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने शक के आधार पर युवक को रोका और उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने युवक के कब्जे से 1.054 किलोग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने तुरंत प्रतिबंधित सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय सागर पुत्र कर्म चंद के रूप में हुई है। आरोपी शिमला जिले की रामपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव डुमी (डाकघर बोंडा) का निवासी बताया जा रहा है।
चरस बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी सागर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। झाकड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह चरस कहां से लाया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले की आगामी जांच जारी है।

