Kangra: कमरे के भीतर फंदे से लटका मिला 29 वर्षीय युवक का शव
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 10:28 PM (IST)
ज्वालामुखी (नितेश): ज्वालामुखी के वार्ड नंबर-4 स्थित गुलाटी गली में 29 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरैंसिक टीम की सहायता से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान शुभम के रूप में हुई है, जो घर में अकेला रहता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उसकी बहन अपने ससुराल में रहती है।
शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत दो से तीन दिन पहले हुई थी। हालांकि मौत का सही समय और कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। एसपी देहरा संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
ऐसे हुआ घटना का खुलासा
पुलिस के अनुसार वाहन चालान से संबंधित कोर्ट का नोटिस देने एक व्यक्ति युवक के घर पहुंचा था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों के साथ पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा खोलने पर युवक का शव पंखे से लटका मिला।

