शैड में आग लगने से मजदूर की मौत, 2 घायल
punjabkesari.in Wednesday, Mar 09, 2022 - 10:26 PM (IST)

रिकांगपिओ (ब्यूरो): पुलिस थाना मूरंग के तहत बुधवार को जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह आकपा के पास 3 शैडों में आग लगने से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि 2 अन्य घायल हुए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा करीब अढ़ाई बजे हुआ। शैडनुमा मकान में झारखंड के 3 परिवार रहते थे। इस घटना में छोटू किस्कू (45) पुत्र मंगल किस्कू गांव रघुनाथपुर तहसील पुडियां जिला गौडां झारखंड की मृत्यु हो गई है। अन्य 2 शैड में मनोज पुत्र बिखू मुड्डा गांव सिविल तहसील चैनपुर जिला गुमला झारखंड व लाल देव पुत्र बदरा उरांव झारखंड अपने परिवार सहित रहता है। ये तीनों परिवार ग्रिफ में मजदूरी का काम करते हैं।
बुधवार को मनोज व लाल देव अपने परिवार सहित ग्रिफ के काम पर गए थे। इस दौरान छोटू किस्कू (मृतक) की पत्नी भी ग्रिफ में मजदूरी के लिए गई थी जबकि छोटू किस्कू पिछले 7-8 दिनों से काम पर नहीं गया था। डेरे में दिन के समय मजदूरों के बच्चे भी रहते थे। आग लगने के कारणों का अभी कोई पता नहीं चला है। आग पर स्थानीय लोगों, पुलिस कर्मचारी, ग्रिफ के मजदूरों की सहायता से काबू पा लिया गया है। वहीं प्रशासन द्वारा मृतक के परिवार को 10 हजार एवं अन्य 2 परिवारों को 5-5 हजार रुपए की राहत राशि मौके पर ही दी गई। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच कर आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है। राजस्व विभाग की टीम इस घटना से हुए नुक्सान का आकलन कर रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here