महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ मामला: नौजवान सभा ने उठाई डेपुटेशन को रद्द करने की मांग

punjabkesari.in Tuesday, Jun 25, 2019 - 06:24 PM (IST)

मंडी (नीरज): पीएचसी थाची से डेपुटेशन पर भेजी गई महिला डॉक्टर के डेपुटेशन को रद्द करने की मांग उठने लगी है। अखिल भारतीय जनवादी नौजवान सभा की जिला मंडी इकाई ने यह मांग उठाई है। आज सभा के सदस्यों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पहले थाची बाजार में रोष रैली निकाली और उपरांत इसके पंचायत घर के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान इन्होंने थाची प्रकरण के दोषियों को जल्द पकड़ने और उन्हें सजा दिलाने की मांग उठाई। साथ ही पुलिस से इस मामले में अब तक हुई जांच को सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई। नौजवान सभा के जिलाध्यक्ष महेंद्र राणा ने कहा कि इस पूरे प्रकरण से थाची का नाम बदनाम हुआ है। 
PunjabKesari

उन्होंने कहा कि इसमें अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आ रही है और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ भी केस दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला डॉक्टर अस्पताल में अकेली क्यों थी और जो आरोपी अस्पताल में आया उसका पंजीकरण क्यों नहीं किया गया। इनका कहना है कि महिला डॉक्टर को अब डेपुटेशन पर भेज दिया गया है जबकि मामले की जांच पूरी होने तक इस डेपुटेशन को रद्द किया जाना चाहिए और महिला डॉक्टर को पीएचसी थाची में ही तैनाती दी जानी चाहिए। इन्होंने जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

बता दें कि शनिवार 15 जून को पीएचसी थाची में एक अज्ञात शख्स ने महिला डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ की थी। महिला डॉक्टर ने आरोपी का जो हुलिया बताया था उस तरह का शख्स अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है। वहीं महिला डॉक्टर को डेपुटेशन के आधार थाची से नगवाईं भेज दिया गया है। यह सारा मामला सीएम जयराम ठाकुर के गृहक्षेत्र सराज का है।



 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News