महंगाई को लेकर महिला कांग्रेस उग्र, भाजपा मुख्यालय के बाहर किया धरना-प्रदर्शन
punjabkesari.in Friday, Mar 03, 2023 - 06:42 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल महिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ शुक्रवार को शिमला स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय दीपकमल के बाहर धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया। इस मौके पर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ काफी समय तक नारेबाजी की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष जैनब चंदेल ने किया। इस मौके पर कांग्रेस नेत्रियों ने भाजपा नेत्रियों पर भी तीखे निशाने साधे। जनैब चंदेल ने कहा कि पूर्व यूपीए सरकार में जब घरेलू सिलैंडर के दाम 400 रुपए हुए तो भाजपा नेत्रियां महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतर कर बड़ी-बड़ी बातें करती थीं लेकिन आज जब महंगाई आसमान छू रही है तब महिला मोर्चा को महंगाई नजर नहीं आ रही। उन्हें महिलाओं का दुख नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेत्रियां केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा नहीं खोल सकतीं तो कम से कम महिलाओं के पक्ष में सिलैंडर के लगातार बढ़ते दाम कंट्रोल किए जाने का आग्रह तो कर सकती हैं।
8 वर्षों में 3 गुना बढ़े सिलैंडर के दाम
जैनब चंदेल ने कहा कि 8 वर्षों में सिलैंडर के दामों में 3 गुना वृद्धि हुई है। आम आदमी जो पहले ही महंगाई के बोझ तले दबा हुआ है, उसकी सिलैंडर के दाम में 50 रुपए की बढ़ौतरी ने कमर तोड़ कर रख दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक-एक करके सभी चीजों के दाम बढ़ाकर जनता पर महंगाई का बोझ लादा जा रहा है। पैट्रोल-डीजल की कीमतें पहले ही आसमान छू रही हैं और अब सिलैंडर की बढ़ी हुई कीमतों ने लोगों के बजट को बिगाड़ कर रख दिया है।
केंद्र सरकार ने हर वर्ग को किया निराश
जैनब चंदेल ने कहा कि मोदी सरकार ने हर वर्ग को निराश किया है। युवा वर्ग से वायदा किया गया था कि हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार प्रदान किया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। किसानों की आय डबल करने की बात कही लेकिन उन पर काले कानून थोपे गए और जब किसान सड़कों पर उतरे तो मजबूरन उन्हें वापस लेना पड़ा। अच्छे दिन आने की बात कही थी लेकिन आम जनता के अच्छे दिन तो नहीं आए, अडानी जैसे पूंजीपतियों की आय में खूब वृद्धि हुई।
भाजपा नेत्रियों से आग्रह, महिलाओं की आवाज उठाएं
जैनब चंदेल ने कहा कि भाजपा नेत्रियां यदि महिला हितैषी हैं तो मोदी सरकार से आग्रह करें कि सिलैंडरों के दाम में कटौती की जाए। केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना तो शुरू कर दी लेकिन आज लोग महंगे सिलैंडर को रिफिल नहीं कर पा रहे हैं। बढ़ती महंगाई में रोजमर्रा की चीजें खरीदने में मुश्किल हो रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here