Weather Update: बर्फबारी को तरसीं हिमाचल की वादियां, जानें 20 दिसम्बर तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

punjabkesari.in Sunday, Dec 14, 2025 - 08:15 PM (IST)

शिमला (संतोष): दिसम्बर माह आधा बीत जाने के बाद भी राज्य के पर्यटन स्थलों में बर्फबारी न होने से हर वर्ग में मायूसी छाई हुई है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के उच्च पर्वतीय इलाकों में तो हल्का हिमपात हो गया है, लेकिन मध्य इलाके पूरी तरह से बर्फबारी से महरूम हैं। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 20 दिसम्बर तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन इस बीच 17 दिसम्बर की रात्रि से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे भी उच्च पर्वतीय इलाकों में ही हल्की-फुल्की बर्फबारी हो सकती है। राज्य में आगामी 2 दिनों के लिए मैदानी इलाकों बिलासपुर के भाखड़ा बांध व मंडी की बल्ह घाटी के कुछ हिस्सों में सुबह के समय व देर रात्रि घना कोहरा छाए रहने का यैलो अर्ल्ट जारी किया गया है। रविवार को भी सुबह बिलासपुर में घना कोहरा व मंडी में हल्का कोहरा छाया, जबकि ताबो में 37 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चली हैं।

प्रदेश में बने सूखे जैसे हालात
लंबे समय से बारिश-बर्फबारी के अभाव में प्रदेश में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं और इसका सीधा असर फसलों और फलों पर पड़ रहा है। किसान और बागवान बारिश और बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बादलों के न बरसने से सूखी ठंड भी लोगों को परेशान कर रही है। जनजातीय जिलों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। इससे नाले, झरने और अन्य प्राकृतिक जलस्रोत जम गए हैं और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं, मैदानी और मध्यवर्ती इलाकों में दिन के समय बादलों के बीच हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली।

कुकुमसेरी में तापमान -4.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज
मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक लाहौल-स्पीति जिले के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.3 डिग्री सैल्सियस और ताबो में माइनस 1.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री रहा, जबकि सुंदरनगर और भुंतर में 5.6 डिग्री, कल्पा में 2.4 डिग्री, धर्मशाला और ऊना में 7 डिग्री, नाहन में 9 डिग्री, पालमपुर में 6.5 डिग्री, सोलन में 3.3 डिग्री, मनाली में 2.3 डिग्री, कांगड़ा में 7.8 डिग्री, मंडी में 7.3 डिग्री, बिलासपुर में 8.5 डिग्री, हमीरपुर में 6.9 डिग्री, कुफरी में 8.4 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 8.6 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News