Weather update: शिमला, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चम्बा व कुल्लू में बर्फबारी, अगले ​कुछ दिन मौसम साफ

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 10:48 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चम्बा और कुल्लू जिलों की ऊंची चोटियों पर अच्छी बर्फबारी हुई है। बीते 24 घंटों में कल्पा में 10.5 सैंमी, केलांग में 7.5 सैंमी, सांगला में 6.5 सैंमी, कुकुमसेरी में 5.8 सैंमी और हंसा में 2.5 सैंमी बर्फबारी दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त मनाली में 22 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सराहन में 10.5 मिमी, कसोल में 4 मिमी, सियोबाग व सुजानपुर टीहरा में 2-2 मिमी, भुंतर व मंडी में 1.4 मिमी और कांगड़ा में 0.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

राजधानी शिमला में मंगलवार सुबह मौसम साफ रहा और हल्की धूप खिली रही, लेकिन दोपहर करीब 3 बजे अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। इसी दौरान हल्की बर्फबारी भी दर्ज की गई। रिज मैदान और माल रोड पर सैलानियों ने बर्फबारी का खूब आनंद लिया। शिमला से सटे प्रमुख पर्यटन स्थल कुफरी और नारकंडा में भी बर्फबारी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 फरवरी को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। 6 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। 7 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News