Weather: हिमाचल में सोमवार को यैलो तो आगामी 3 दिन भारी बारिश का ऑरैंज अलर्ट
punjabkesari.in Sunday, Aug 20, 2023 - 08:39 PM (IST)

शिमला (संतोष): इंद्रदेव अभी रुकने वाले नहीं हैं और प्रदेश के लोगों को बारिश फिर से तंग करेगी। मौसम विभाग के अनुसार 26 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा जबकि सोमवार को यैलो और मंगलवार से 3 दिन भारी बारिश का ऑरैंज अलर्ट रहेगा। 21 से 26 अगस्त तक मैदानी/निचले व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा होने का अनुमान है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रदेश के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। भू-स्खलन की दृष्टि से संवेदनशील जगहों व नदी-नालों से दूर रहने को कहा गया है। सोमवार को कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर और शिमला जिला में भारी बारिश को लेकर ऑरैंज अलर्ट रहेगा।
रविवार को मिला-जुला रहा मौसम का असर
राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अन्य जिलों में रविवार को मौसम का असर मिला-जुला रहा है। शाम के समय राजधानी को धुंध ने अपनी आगोश में ले लिया है। पिछले 24 घंटों में राज्य में मानसून कमजोर रहा और एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जिसमें शिमला व धर्मशाला में 2-2 सैंटीमीटर मेघ बरसे हैं। रविवार को नाहन में 1.3, कांगड़ा में 0.6, धौलाकुआं में 6.5, शाहपुर में 2 मिलीमीटर वर्षा हुई है।
शिमला में भूस्खलन के कारण 46 लोग की मौत
प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान हुई मौतों का आंकड़ा 341 पहुंच गया है, जिसमें से भूस्खलन, बाढ़ आने व बादल फटने की घटनाओं में 130 लोग काल का ग्रास बने हैं। इनमें भूस्खलन से 96, बाढ़ आने से 18 व बादल फटने की घटना में 16 लोगों की मौत हुई है। इसमें सबसे ज्यादा मौतें भी शिमला जिला में ही हुई हैं। शिमला जिला में भूस्खलन के कारण 46 लोग अपनी जान गंवा बैठे हैं। भूस्खलन की 115 व बाढ़ आने की 60 घटनाएं प्रदेश में हुई हैं। वहीं भूस्खलन से 6, बाढ़ आने से 17 व बादल फटने की घटना में 2 लोग अभी भी लापता चले हुए हैं।
80.78 अरब से अधिक की संपत्ति का नुक्सान
हिमाचल में मानसून के कारण 80.78 अरब से अधिक की संपत्ति का नुक्सान हो चुका है। सबसे ज्यादा नुक्सान लोक निर्माण विभाग को 2691.41 करोड़ का हुआ है। जलशक्ति विभाग को 1860.52 करोड़, बिजली विभाग को 1707.35 करोड़ का हुआ है। 2208 घर पूरी तरह से ढह गए हैं। 9802 घरों को आंशिक रूप से क्षति पहुंची है। 299 दुकानें और 4677 गऊशालाओं को नुक्सान हुआ है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here