Weather Update: हिमाचल में 21 अगस्त से फिर भारी बारिश की चेतावनी
punjabkesari.in Friday, Aug 18, 2023 - 11:01 PM (IST)

शिमला (संतोष): राज्य के निचले और मध्य पहाड़ी भागों में कुछ स्थानों पर आगामी 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 21 अगस्त से बारिश की गतिविधि वितरण और तीव्रता में बढऩे की संभावना है और 24 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहेगी। 21 से 23 अगस्त के दौरान चम्बा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, सोलन और सिरमौर जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसको लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने व बिजली गिरने की संभावना भी है। उधर, भारी बारिश की स्थिति में कांगड़ा, चम्बा, शिमला, मंडी, कुल्लू, सिरमौर, सोलन, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में जल क्षेत्रों और अन्य चैनलों पर अचानक बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है। संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन व पेड़ गिरने की आशंका भी है।
56 दिनों की मानसून अवधि में 2022 मकान जमींदोज
राज्य में 56 दिनों की मानसून अवधि में 2022 मकान जमींदोज हो गए हैं जबकि 9615 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। राज्य में भूस्खलन व दरारें आने के कारण कई मकान खाली भी करवा दिए गए हैं, जिससे प्रदेश में लोग दर-दर की ठोकरें खाने को लाचार हो गए हैं। 24 जून से शुरू हुए मानसून सीजन में अब तक 296 दुकानें व 4453 गऊशालाएं भी जमींदोज हुई हैं। राज्य में अभी तक 80.14 अरब से अधिक की संपत्ति को नुक्सान पहुंच चुका है।
भूस्खलन, बाढ़ व बादल फटने से 126 की हुई मौत, 22 अभी भी लापता
राज्य में बरसात में 113 जगह पर भूस्खलन हो चुका है और 5 जिलों में 58 बार बादल फटने की घटनाएं घटित हुई हैं। इन घटनाओं में 126 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, जिसमें भूस्खलन से 92, बाढ़ आने से 18 और बादल फटने की घटनाओं में 16 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 22 लोग अभी भी लापता हैं, जिसमें भूस्खलन से 3, बाढ़ आने से 17 और बादल फटने की घटनाओं के 2 लोग शामिल हैं।
875 सड़कें, 408 ट्रांसफार्मर, 149 पेयजल योजनाएं बंद
राज्य में 875 सड़कें बंद चल रही हैं। इनमें से मंडी जोन के तहत सबसे अधिक 311, शिमला जोन के तहत 241, हमीरपुर जोन की 166 व कांगड़ा जोन की 155 सड़कें शामिल हैं। इनमें से 406 सड़कें 24 घंटे में दुरुस्त करने का दावा किया जा रहा है। राज्य में 408 बिजली ट्रांसफार्मर और 149 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं।
ये नैशनल हाईवे हैं बंद
एनएच-03 : लेह-लद्दाख वाया मनाली
एनएच-305 : सैंज-लुहरी-आनी-औट
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here