हिमाचल में IPL की तर्ज पर होगी वॉलीबॉल लीग, खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 07:23 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): हिमाचल प्रदेश में अब वालीबाल को नई पहचान देने के लिए आईपीएल की तर्ज पर वॉलीबॉल लीग आयोजित की जाएगी। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश राज्य वालीबाल एसोसिएशन के महासचिव मदन राणा ने ऊना में आयोजित बैठक के दौरान दी। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय वालीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष ने की। बैठक में निर्णय लिया कि आगामी मई-जून माह में प्रदेश स्तर पर वालीबाल लीग का आयोजन किया जाएगा। इस लीग के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच मिलेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा। खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह उनकी प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। 

बैठक में यह भी तय किया गया कि वॉलीबॉल गतिविधियों को सुव्यवस्थित करने के लिए एसोसिएशन अपना ऑनलाइन पोर्टल तैयार करेगी। इस पोर्टल पर खिलाड़ियों, रैफरी और कोच का पंजीकरण किया जाएगा। इसके अलावा लीग के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन करने का भी निर्णय लिया गया है। इनमें तकनीकी समिति, अनुशासन समिति, सैक्सुअल हैरासमैंट समिति, चैंपियनशिप मैनेजमैंट समिति तथा टैलेंट हंट समिति शामिल होंगी। ये समितियां प्रतियोगिताओं के संचालन और खिलाड़ियों के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। 

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में स्थानीय, जिला तथा राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले वालीबाल टूर्नामैंट के लिए संबंधित प्रबंधन समितियों को वालीबाल एसोसिएशन से पूर्व अनुमति लेनी होगी। हिमाचल प्रदेश स्टेट वालीबाल एसोसिएशन के नए झंडे और लोगो का भी लोकार्पण किया गया। साथ ही संगठन में कुछ नए पदाधिकारियों की नियुक्तियां भी की गईं, जिसमें नवीन शर्मा को संघ का प्रवक्ता व नवीन ठाकुर को कानूनी सलाहकार बनाया गया। इस मौके पर बैठक में संघ के संयुक्त सचिव यशविंद्र ठाकुर, नवीन शर्मा, कोषाध्यक्ष रंजीत अटवाल, संजीव राणा, पृथ्वी राज, तनीशा, राजिंद्र रिंकु, जितेंद्र मनवाल, विकास कंवर आदि उपस्थित रहे।

 

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News