हिमाचल में भयानक हादसा: चम्बा-किलाड़ मार्ग पर गहरी खाई में गिरा वाहन, 8 लोग लापता
punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 10:11 PM (IST)
तीसा (सुभान दीन): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के उपमंडल चुराह के अंतर्गत चम्बा-किलाड़ मार्ग पर कालाबन के समीप एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार सभी लोग लापता हैं। उनके बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि वाहन में 8 लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार उक्त सभी लोग बीते शुक्रवार को सचे जोत के लिए रवाना हुए थे, जिसमें 7 लोग बाहरी राज्य के थे। जब गाड़ी देर रात तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता सतान लगी। पांगी पुलिस चौकी से संपर्क करने पर पता चला कि गाड़ी उस क्षेत्र में नहीं पहुंची है। इसके बाद शनिवार को बैरागढ़ पुलिस ने सर्च ऑप्रेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान कालाबन के पास वाहन के कुछ अवशेष मिले। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने जब खाई में देखा तो नीचे एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ा हुआ था।
हादसा स्थल इतना दुर्गम है कि वहां तक पहुंचने के लिए कोई सीधा रास्ता नहीं है। इसके अलावा क्षेत्र में मोबाइल नैटवर्क न होने के कारण राहत और बचाव कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरा होने और रास्ते की कमी के कारण शनिवार शाम को पुलिस को सर्च ऑप्रेशन रोकना पड़ा।
तीसा प्रशासन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार सुबह बचाव दल फिर से घटनास्थल के लिए रवाना होगा। राहत कार्य शुरू होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हादसे में कितने लोग हताहत हुए हैं और घायलों की स्थिति क्या है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रविवार को स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सर्च ऑप्रेशन शुरू किया जाएगा।

