मंडी में 4 केंद्रों पर 24 मई को होगा UPSC Prelims Exam, बिना ई-एडमिट कार्ड नहीं मिलेगी एंट्री

punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 06:09 PM (IST)

मंडी (रजनीश): जिला मुख्यालय मंडी में 24 मई 2026 को संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने जिला मुख्यालय में 4 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। परीक्षा में कुल 1056 परीक्षार्थी भाग लेंगे।

एडीसी मंडी गुरसिमर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहला सत्र सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक चलेगा। परीक्षा के लिए बनाए गए चार केंद्रों में वल्लभ कॉलेज मंडी उप केंद्र-001, वल्लभ कॉलेज मंडी उप केंद्र-002, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्कूल बाजार मंडी उप केंद्र-003 और पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (गर्ल्स) मंडी उप केंद्र-004 शामिल हैं।

एडीसी गुरसिमर सिंह ने सभी परीक्षार्थियों से निर्धारित समय पर पहुंचने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा शुरू होने से ठीक 30 मिनट पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। प्रवेश के लिए ई-एडमिट कार्ड लाना अनिवार्य है, इसके बिना एंट्री नहीं दी जाएगी।

परीक्षार्थियों को अपने साथ पेन, एक वैध फोटो पहचान पत्र (वोटर आईडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसैंस), पानी की पारदर्शी बोतल और साधारण एनालॉग कलाई घड़ी लाने की ही अनुमति होगी। परीक्षा केंद्र के भीतर स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार की इलैक्ट्रॉनिक घड़ी ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News