मोदी सरकार ने 9 वर्षों में देश को किया भ्रष्टाचार मुक्त : अनुराग ठाकुर

punjabkesari.in Sunday, Jun 11, 2023 - 08:40 PM (IST)

दौलतपुर चौक (परमार): केंद्रीय मेंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले किसी ने कल्पना नहीं की थी कि देश को भ्रष्टाचार से मुक्ति मिलेगी, लेकिन मोदी सरकार ने देश को 9 वर्षों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ही नहीं दी बल्कि देश को दुनिया भर के अग्रणी देशों की श्रेणी में भी ला खड़ा किया है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर गगरेट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भंजाल गांव में मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित भाजपा व्यापार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। 

जब-जब प्रदेश में भाजपा सरकार सत्ता में आई तब-तब विकास की तीव्र गंगा बही
अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने देश से करीब 1600 ऐसे कानूनों को भी निरस्त किया, जिनका आज के परिवेश में कोई औचित्य नहीं रहा था। उन्होंने दावा किया कि जब-जब प्रदेश में भाजपा सरकार सत्ता में आई तब-तब विकास की तीव्र गंगा बही। प्रदेश में पूर्व धूमल सरकार के समय में वर्ष 2002 में तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी सरकार द्वारा प्रदेश को औद्योगिक पैकेज दिया गया था, जिसके चलते प्रदेश में विकास का एक नया अध्याय लिखा गया। इसके बाद दूसरा मौका तब आया जब प्रदेश में जयराम सरकार थी तो केंद्र में मोदी सरकार के आशीर्वाद से देश में केवल 3 बल्क ड्रग पार्क मंजूर हुए, जिनमें से एक ऊना को मिला। अनुराग ठाकुर ने दोहराया कि जीतपुर बहेड़ी में मोदी सरकार के आशीर्वाद से हिन्दोस्तान पैट्रोलियम के माध्यम से इथेनाॅल प्लांट लगने जा रहा है, जिसमें किसानों और बेरोजगारों को सीधे तौर पर लाभ होगा। 

कांग्रेस पर लगाए भेदभाव के आरोप 
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर भेदभाव के आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेसी सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश में रेललाइन का विस्तार दशकों तक रेंग-रेंग कर भी नहीं चल पाया लेकिन मोदी सरकार के दृढ़संकल्प से रेललाइन को दौलतपुर चौक ही नहीं पहुंचाया गया बल्कि देश की चौथी वंदे भारत ट्रेन को भी अम्ब अंदौरा तक पहुंचाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय के मामले में कहा कि जैसे ही केंद्र स्तर पर शिक्षा मंत्रालय व केंद्रीय विद्यालय संगठन की बैठक होगी तो उसमें यह प्रयास रहेगा कि इस विद्यालय को जल्द मंजूरी दिलवाए जाने के साथ-साथ शिलान्यास भी करवाया जाए। इस मौके पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व मंत्री एवं विधायक बिक्रम ठाकुर, पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, पूर्व विधायक बलवीर सिंह, पूर्व विधायक राकेश कालिया व अन्य नेता उपस्थित रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News