आईटी के क्षेत्र में भारत ने अमरीका की सिलिकॉन वैली को भी पछाड़ा : अनुराग

punjabkesari.in Sunday, Feb 05, 2023 - 10:11 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि आज से 9 वर्ष पूर्व जब कांग्रेस की सरकार केंद्र में सत्ता में थी तो 12 प्रतिशत महंगाई दर थी। पूरे देश में भ्रष्टाचार का बोलबाला था और देश नीतिगत पक्षाघात की ओर अग्रसर था। तब भाजपा ने नरेंद्र मोदी को देश के प्रधानमंत्री के रूप में चुनावी रण में उतारा और उन्होंने संकल्प लिया कि वह न खाएंगे, न खाने देंगे और तब से अब तक भाजपा की केंद्र सरकार पर किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लग पाया है। कांग्रेस के नेता केवल झूठे आरोप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि पर चिपकाने का प्रयास करते हंै पर उनके सभी प्रयास फेल हो जाते हैं। केंद्र की मजबूत सरकार ने कोविड के कठिन समय में देश में 220 करोड़ कोरोना वैक्सीन जनता को मुफ्त में लगाई, 28 महीने तक 80 करोड़ गरीबों को अनाज मुफ्त में देने का कार्य किया और इसके लिए 4 लाख करोड़ रुपए केंद्र सरकार ने खर्च किए। भाजपा अंत्योदय को ध्यान में रखकर काम करती है और अंतिम पंक्ति में जो व्यक्ति खड़ा होता है उसकी सहायता के लिए योजना बनाती है।

यूनाइटेड स्टेट्स जैसे देशों से कम है भारत की महंगाई दर 
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज यूनाइटेड स्टेट्स जैसे देश महंगाई से जूझ रहे हैं और वहां की महंगाई दर 8.3 प्रतिशत है और भारत की महंगाई दर आज 5.7 प्रतिशत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था 7 प्रतिशत की दर से बढ़ने जा रही है। भारत में अगर कांग्रेस शासनकाल के समय के साथ तुलना की जाए तो फॉरेन डायरैक्ट इन्वैस्टमैंट 2 गुना से भी ज्यादा बढ़ गई है और आज देश में 90 हजार स्टार्टअप चल रहे हैं। आज देश डिजिटल इकोनॉमी की ओर बढ़ रहा है। चाहे वह चाय वाला हो या रेहड़ी-फड़ी वाला, सब गूगल पे के माध्यम से व्यापार कर रहे हैं। देश में 12 लाख 62 हजार करोड़ रुपए की डिजिटल ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड हुई है। आज हमारे देश की विश्वसनीयता पूरे विश्व में बढ़ रही है। आज भारत का कोविड वैक्सीन का सर्टीफिकेट डिजिटली फोन पर उपलब्ध है और बाकी देशों का आज भी कागज पर है। इस मामले में आज भारत ने अमरीका की सिलिकॉन वैली को भी पीछे छोड़ दिया है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दमदार नेता
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस केंद्र में भी केवल प्रदेश सरकारों की बात करती है पर केंद्रीय मुद्दों पर बात नहीं कर पाती। आज बजट में कैपिटल एक्सपैंडिचर 10 लाख करोड़ रुपए निर्धारित किया गया है। इससे 33 प्रतिशत सीधी नौकरियां देश के युवाओं को प्राप्त होने जा रही हैं। किसानों के लिए 20 लाख करोड़ रुपए के किसान क्रैडिट कार्ड का प्रावधान इस बजट में किया गया है इससे किसानों को लाभ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दमदार नेता हैं। जब से जम्मू-कश्मीर में धारा 370 और 35 ए को हटाया गया है तब से प्रतिवर्ष 2 करोड़ पर्यटक जम्मू-कश्मीर की सैर करने जा रहे हैं। जी 20 की अध्यक्षता भारत कर रहा है और इसको लेकर पूरे देश में 55 स्थानों पर 200 से अधिक बैठकें होने जा रही हैं, जिनमें से कुछ बैठकें हिमाचल के धर्मशाला में भी होंगी।

ठेकेदारों को 95 प्रतिशत पैसा वापस करने जा रही केंद्र सरकार 
अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जिसमें कोविड के समय कई ठेके ऐसे वितरित किए गए थे, जिनका काम पूरा नहीं हो पाया और उनके 95 प्रतिशत पैसे फंस गए थे। अब केंद्र सरकार उन ठेकेदारों को 95 प्रतिशत पैसा वापस करने जा रही है। देश में 2024 लोकसभा चुनावों के लिए 400 दिन रह गए हैं और हम एक बार फिर केंद्र में एक मजबूत सरकार बनाने जा रहे हैं और हिमाचल प्रदेश में सभी चारों लोकसभा सीटों को एक बार फिर भाजपा जीतेगी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News