Hamirpur: शिक्षा, संस्कार, संस्कृति और समृद्धि एक विकसित राष्ट्र के आधार हैं : अनुराग
punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 08:12 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): एनआईटी हमीरपुर में आयोजित शिक्षा महाकुंभ 2026 के छठे संस्करण के समापन समारोह में सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस कार्यक्रम में समाजसेवी डा. इंद्रेश कुमार विशेष अतिथि तथा त्रिपुरा सरकार की आईएएस अधिकारी सोनल गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सुरक्षित भारत, विकसित भारत थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार, राष्ट्रीय सुरक्षा, तकनीक व युवाओं की भूमिका पर चर्चा हुई। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने शिक्षा महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए विद्या भारती व आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा, संस्कार, संस्कृति और समृद्धि एक विकसित राष्ट्र के आधार हैं।
उन्होंने बताया कि शिक्षा महाकुंभ का अगला संस्करण आईआईटी जम्मू में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है और देश अब स्वदेशी रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है। उन्होंने दिल्ली में चल रहे आंदोलन पर कहा कि धरना प्रदर्शन के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना और सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन को आवश्यक जानकारी देना अनिवार्य है। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण और ईवीएम पर कांग्रेस के रुख को लेकर आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाना दोहरे मापदंड को दर्शाता है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सुपर एमरजैंसी संबंधी बयान पर उनकी टिप्पणी को राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़ते हुए सवाल उठाए। इस अवसर पर डा. इंद्रेश कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता, सम्मान, शिक्षा, स्वाभिमान और संस्कार प्रत्येक व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकताएं हैं। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण के लिए समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर कार्य करने तथा भारतीय संस्कृति, भाषाओं व राष्ट्रीय पहचान के प्रति गौरव की भावना मजबूत करने का आह्वान किया।

