भाजपा में महिला होने पर नहीं, योग्यता के आधार पर मिलेगा टिकट : मीनाक्षी लेखी
punjabkesari.in Saturday, Oct 01, 2022 - 05:05 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा महिला होने पर नहीं बल्कि उसकी योग्यता के आधार पर टिकट देगी। उन्होंने कहा कि वह खुद 2 बार नई दिल्ली से पुरुषों को हराकर चुनाव जीती हैं तथा जमानत भी जब्त करवाई है। देश में भाजपा ही ऐसी पार्टी जो महिलाओं को 33 फीसदी का आरक्षण देती है, साथ ही लोकसभा व विधानसभा चुनाव में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देती है। मीनाक्षी लेखी यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी टक्कर देने की स्थिति में नहीं हैं।
दिल्ली में लोगों को पानी तक नहीं दे पाई आप सरकार
उन्होंने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां पर लोगों को पानी तक की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। जिस आयुष्मान भारत योजना का लाभ हिमाचल प्रदेश सहित दूसरे राज्य उठा रहे हैं, उसे दिल्ली सरकार ने लागू नहीं किया है। इस कारण दिल्ली में लोगों को उपचार करवाने के लिए धन जुटाने में परेशानी आ रही है। वहां की मोहल्ला क्लीनिक योजना भी लोगों की मदद नहीं कर पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में 45 से 50 लाख रुपए के खोखे तैयार किए गए हैं।
हिमाचल में भाजपा सरकार आने के बाद दिखता है फर्क
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार आने पर फर्क दिखता है। आज प्रदेश में सड़कों का निर्माण, महिला सशक्तिकरण, बेसहारा लोगों की मदद, हर घर नल और सामाजिक सुरक्षा पैंशन प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पहाड़ी राज्यों में मॉडल राज्य के रूप में सामने आया है। केंद्र सरकार ने जिला सिरमौर के गिरीपार के हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा दिया है। उन्होंने एनीमिया मुक्त सूचकांक में हिमाचल प्रदेश तीसरे स्थान पर रहने पर बधाई दी।
नाम लिए बिना विपक्ष पर साधा निशाना
मीनाक्षी लेखी ने नाम लिए बिना विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को सम्मान देने की बात करने वाले उनको गोद में बिठाने की बात करते हैं। इसके विपरीत केंद्र व प्रदेश सरकार ने अनेक योजनाओं का लाभ देकर महिलाओं को उचित मान-सम्मान दिया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here