Una: महिला की मौत पर मायका पक्ष ने शवगृह के बाहर ससुराल पक्ष के खिलाफ की नारेबाजी
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 08:09 PM (IST)
ऊना (विशाल): क्षेत्र के गांव चताड़ा की रहने वाली सीमा पत्नी अश्वनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद तनाव का माहौल है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को सीमा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। ऐसा माना जा रहा है कि उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। घटना की सूचना मिलने पर पति ने मायके पक्ष को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया।
क्षेत्रीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रैफर कर दिया। इसके बाद उसे ऊना के एक निजी अस्पताल और फिर बेहतर उपचार के लिए पंजाब के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां बुधवार देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वीरवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। यहां बड़ी संख्या में पहुंचे मायका पक्ष के लोगों ने शवगृह के बाहर प्रदर्शन करते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
दहेज के लिए किया जाता था प्रताड़ित
मृतका की मां कमलजीत कौर और परमजीत सहित अन्यों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उसके साथ मारपीट की जाती थी तथा मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। परिजनों ने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या का नहीं, बल्कि हत्या का मामला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है, साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक एवं मैडीकल साक्ष्यों का भी इंतजार किया जा रहा है। एसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मैडीकल साक्ष्यों और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

